स्नातकोत्तर पात्र बेरोजगारों को 3 हजार रुपए का मासिक भत्ता


नारायणगढ़ (उमा): ग्रामवासियों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से गांव बड़ी रसौर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग द्वारा इन दिनों विशेष प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। डी.आई.पी.आर.ओ. धर्मवीर सिंह के मार्गदर्शन में वीरवार की रात्रि आयोजित कार्यक्रम में जहां भजन मंडली ने गीतों एवं भजनों के द्वारा सरकार की योजनाओं की जानकारी दी, वहीं ए.आई.पी.आर.ओ. मनोज वालिया, अम्बली पी.एच.सी. के प्रभारी डा. मयंक तथा कृषि विकास अधिकारी जसविन्द्र सिंह द्वारा भी जानकारी दी गई।
मनोज वालिया ने बताया कि सक्षम योजना के तहत स्नातकोत्तर पात्र बेरोजगारों को 3 हजार रुपए का मासिक भत्ता दिया जाता है और उन्हें हर महीने में 100 घंटे काम के बदले 6 हजार रुपए का मानदेय भी दिया जाता है। कृषि विकास अधिकारी (पौधा संरक्षण) जसविन्द्र सिंह ने गिरते भू-जल स्तर के बारे में किसानों को कहा कि वे कम पानी में पैदा होने वाली फसलों मक्का, अरहर आदि की पैदावार करें। इन फसलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने विशेष तौर पर योजनाएं बनाकर लागू किया है। उन्होंने खेतों की मिट्टी की जांच करवाने व कृषि सम्बंधी अन्य जानकारी दी।
पी.एच.सी. के प्रभारी डा. मयंक ने स्वास्थ्य सम्बंधी जानकारी देते हुए बताया कि आयुष्मान भारत योजना में 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में मिलती है, जो किसरकार द्वारा पैनल पर लिए गए हैं। उन्होंने गर्मी एवं लू से बचाव की जानकारी देते हुए कहा कि थोड़ी सी बातों का ध्यान रखकर हीट स्ट्रोक से बचा जा सकता है। कार्यक्रम की सरपंच सुरेन्द्र सिंह, पंच सोमदत, संजू, जयसिंह, पूर्व सरपंच कृष्ण लाल, अमरनाथ, चमन लाल आदि ग्रामवासियों ने सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से सरकार की योजनाओं की जानकारी मिलती है।